अयोध्या / लखनऊ | 27 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक महकमे से एक भावनात्मक और असामान्य इस्तीफे की खबर सामने आई है। अयोध्या संभाग में तैनात राज्यकर (GST) विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान में और उनके खिलाफ हुई एक कथित टिप्पणी के विरोध में उठाया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर की गई टिप्पणी से प्रशांत कुमार सिंह गहरे आहत थे। उन्होंने इसे प्रदेश के निर्वाचित नेतृत्व का अपमान मानते हुए अपने पद पर बने रहना नैतिक रूप से उचित नहीं समझा।
सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है। त्यागपत्र में उन्होंने लिखा कि वे जिस प्रदेश की सेवा कर रहे हैं, उसके नेतृत्व के सम्मान की रक्षा करना अपना कर्तव्य समझते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने किसी दबाव में नहीं बल्कि अपने व्यक्तिगत सिद्धांतों और आत्मसम्मान के आधार पर लिया है।
इस्तीफे के बाद उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे भावुक दिखाई देते हैं। वीडियो में वे कहते सुने गए — “जिसका नमक खाते हैं, उसका हक अदा करना चाहिए।” यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि किसी वरिष्ठ अधिकारी द्वारा वैचारिक और भावनात्मक आधार पर दिया गया इस्तीफा बेहद दुर्लभ होता है। हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में कुछ अन्य प्रशासनिक इस्तीफों के बाद यह घटना भी चर्चा में आ गई है।
फिलहाल, इस्तीफे की आधिकारिक स्वीकृति की पुष्टि शासकीय स्तर पर नहीं हुई है, लेकिन यह घटनाक्रम प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर चुका है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group