नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने वाला एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार वारदात त्रिलोकपुरी स्थित एक ऑटो रिपेयर की दुकान पर हुई। दुकान संचालक वीरेंद्र सिंह (38 वर्ष) अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी तीन युवक वहां पहुंचे और मोबाइल फोन चार्ज करने की मांग करने लगे। दुकानदार द्वारा मना करने पर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस अचानक हाथापाई में बदल गई और आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर वीरेंद्र सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान दुकान पर मौजूद मजदूर रामकिशन (45 वर्ष) ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे भी चाकू लग गया।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामकिशन का इलाज जारी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों — यामीन और यासीन — को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group