मुज़फ्फरनगर। 4 फरवरी 26।  कस्बे के मुख्य मार्ग पर  एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि उसकी मां घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जौला क्षेत्र निवासी इकबाल की पुत्री बागेजहां अपनी मां रुखसाना के साथ दवा लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। शाम के समय सड़क पर यातायात सामान्य था, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें बैठी सवारियां सड़क पर जा गिरीं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला।
स्थानीय लोगों की मदद से मां-बेटी समेत अन्य सवारियों को बुढ़ाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। उसकी मां को चोटें आई हैं और उनका उपचार किया गया। अन्य सवारियों को मामूली चोटें बताई गई हैं।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृत किशोरी को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। देर शाम शव को गांव ले जाया गया, जहां पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार बच्ची पढ़ाई में अच्छी थी और परिवार की उम्मीदों का सहारा मानी जाती थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group