मुजफ्फरनगर। रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया, लेकिन घर में जहां शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय सलीम, निवासी चौसाना जिला शामली, अपनी पत्नी वसीमा और छोटे बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदार के विवाह समारोह में जा रहा था। जैसे ही उनका वाहन बुढ़ाना–कांधला मार्ग पर पहुँचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने सलीम को मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी वसीमा को गंभीर हालत में बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे में दंपती का छोटा बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
