मुजफ्फरनगर। शहर के रामपुरी–शाहबुद्दीनपुर मार्ग पर श्मशान घाट के निकट झाड़ियों में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों की नजर जैसे ही झाड़ियों के पास पड़े कपड़े में लिपटे शव पर पड़ी, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव काफी क्षतिग्रस्त हालत में मिला। आशंका है कि जन्म के बाद उसे यहां लाकर फेंका गया और बाद में आवारा जानवरों ने शव को नोच डाला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिटी और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
जांच अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हाल के दिनों में आसपास के किसी अस्पताल, नर्सिंग होम या दाई के यहां बच्ची का जन्म तो नहीं हुआ। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्ची को यहां कौन लाया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। कई लोगों ने इसे मानवता को झकझोर देने वाली घटना बताया। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी सजा दी जाए।
