मुजफ्फरनगर, 12 फरवरी 26। जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लंबित वेतन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि बीते कई महीनों से वेतन समय पर न मिलने की समस्या लगातार बनी हुई है।
बुधवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचे संविदा कर्मियों ने बताया कि वे जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से ड्यूटी देने के बावजूद भुगतान में देरी हो रही है, जिससे उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने कहा कि लगभग छह माह पूर्व भुगतान प्रणाली में बदलाव के बाद से वेतन वितरण में अनियमितता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
संघ के महामंत्री मणिकांत त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि “दाम नहीं तो काम नहीं” की नीति अपनाने पर भी विचार किया जा रहा है।
प्रदर्शन में डॉ. फैसल सिद्दीकी, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. अनिल कुमार, संगिनी निर्मला, एएनएम मोनिका सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को बच्चों की फीस, बिजली-पानी के बिल तथा अन्य आवश्यक खर्चों को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांग की कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में वेतन वितरण की स्पष्ट समय-सारिणी तय की जाए।
सूत्रों के अनुसार, सीएमओ कार्यालय की ओर से कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया है कि संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
