मुजफ्फरनगर, 12 फरवरी 2026। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सिलाजुड़ी का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे सीएमओ के दौरे से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने ओपीडी कक्ष, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी लैब और अभिलेख रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता और साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।
सिलाजुड़ी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। एनसीडी (गैर संचारी रोग) स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं का मौके पर मूल्यांकन किया गया। सीएमओ ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. तेवतिया ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति दर्ज कराने, अभिलेख अद्यतन रखने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने दो टूक कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group