मुज़फ़्फ़रनगर। पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। जनपद के मुज़फ़्फ़रनगर क्षेत्र के भोपा थाना इलाके के गांव नन्हेड़ी में सोमवार शाम एक युवक पर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान फिरोज (28 वर्ष) पुत्र यामीन निवासी नन्हेड़ी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, फिरोज शाम के समय अपने घर के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर रहा था, तभी गांव का ही एक युवक तेज रफ्तार कार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने जानबूझकर वाहन फिरोज की ओर मोड़ दिया। अचानक हुए हमले में फिरोज बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन उसकी बाइक से टकरा गया।
घटना के बाद विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर कुछ साथियों के साथ घर तक आ धमका और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों ने स्थिति संभाली, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जाते समय आरोपी ने कथित रूप से चुनाव में हिस्सा लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
मामले की शिकायत भोपा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
