मुज़फ्फरनगर। जनपद के मुज़फ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों पर एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट का गंभीर आरोप लगा है। घटना पुलिस की मौजूदगी वाले क्षेत्र के पास होने से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित युवक जोगिंदर सिंह, निवासी ग्राम धमात, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह देर रात अपने खेत की ओर जा रहा था। गंगनहर पुल के निकट उसकी कार को दो गाड़ियों में सवार कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे वाहन से बाहर खींचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और अवैध खनन की शिकायत करने का आरोप लगाते हुए मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार हमले के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। युवक को चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने उसे उपचार दिलाया।
मामले की शिकायत स्थानीय थाने में की गई, लेकिन कार्रवाई में देरी से असंतुष्ट परिवार ने वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध वाहनों की पहचान की कोशिश हो रही है।
