मुज़फ्फरनगर जिले के जानसठ थाना क्षेत्र के भलवा गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान रोहित (लगभग 24 वर्ष) और डोली (लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। हाल ही में युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, जिससे युवक परेशान चल रहा था। जिसके चलते युवक युवती के घर पहुंचा। घर के अंदर दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया। कुछ देर बाद घर के अंदर से चीख सुनाई दी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो दोनों गंभीर हालत में पड़े मिले। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर से एक धारदार हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बात की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।


