मुजफ्फरनगर, 13 फरवरी 2026। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सहारनपुर परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाएं सख्त कर दी गई हैं। परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया गया है।
डीआईजी के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के सभी थाना क्षेत्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख शिवालयों, मंदिरों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां लगातार गश्त कराई जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ और जुलूस मार्गों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर अलग से ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। कांवड़ शिविर संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें प्रशासनिक निर्देशों से अवगत कराया गया है और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने आमजन से अपील की है कि पर्व को श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
