सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र में आयोजित एक विवाह स्वागत समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया जब जश्न के दौरान की गई कथित हर्ष फायरिंग एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। कुछ ही पलों में संगीत और रोशनी से सजा पंडाल चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया।
जानकारी के अनुसार रिसेप्शन कार्यक्रम चल रहा था और मेहमान मंच के सामने एकत्र थे। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा की गई फायरिंग के दौरान चली गोली समारोह में मौजूद एक युवक को जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हर्ष फायरिंग की बात सामने आई है। समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
