मुजफ्फरनगर, 20 फरवरी 2026। कलेक्ट्रेट प्रांगण से शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” प्रदर्शनी वैन को मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में जागरूकता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी वैन आगामी एक सप्ताह तक जनपद की विभिन्न तहसीलों, विकासखंडों, नगर पंचायतों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री गजेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान महिला सशक्तिकरण, कन्या उत्थान, बाल संरक्षण तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री सुशील कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रदर्शनी वैन के माध्यम से उपलब्ध जानकारी का लाभ उठाएं और योजनाओं से जुड़कर बेटियों के सशक्त भविष्य में भागीदारी निभाएं।
