मुजफ्फरनगर, 20 फरवरी 2026। जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में शुक्रवार को “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान” के अंतर्गत ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। इस अवसर पर युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सीएम युवा ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के माध्यम से स्वीकृत ऋण लाभार्थियों को वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने संबंधित विभागों और बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र अभ्यर्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी। अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे सीएम युवा ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
