ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-दो क्षेत्र के अंसल गोल्फ लिंक, परी चौक के पास किराये के मकान में रहने वाले 28 वर्षीय पुष्पेंद्र की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। प्रारंभिक जांच में मामला वैवाहिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके दो जीजा और एक साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पुष्पेंद्र मूल रूप से बुलंदशहर जनपद का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। लगभग 11 महीने पहले उसकी शादी बुलंदशहर निवासी प्रियंका से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे।
मृतक के बड़े भाई बृजेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुष्पेंद्र को अपनी पत्नी प्रियंका और उसके जीजा देवेंद्र के बीच अनुचित संबंधों का संदेह था। इस बात को लेकर घर में कई बार झगड़ा हुआ। बृजेश का कहना है कि जब पुष्पेंद्र ने इस पर आपत्ति जताई तो पत्नी और उसके परिजनों जीजा देवेंद्र ओर सुंदर और साले सुधीर ने उस पर मानसिक दबाव बनाया। परिवार का आरोप है कि लगातार अपमान और तनाव के कारण पुष्पेंद्र गहरे अवसाद में चला गया था।
16 फरवरी की शाम पुष्पेंद्र अपने कमरे में अकेला था। काफी देर तक बाहर न निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा तोड़ा गया तो वह पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची Uttar Pradesh Police की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बीटा-दो प्रभारी ने बताया कि पत्नी प्रियंका, उसके जीजा देवेंद्र व सुंदर तथा साले सुधीर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के लिए दबिश दी जा रही है।
