मुजफ्फरनगर। वेलेंटाइन डे को लेकर शहर में माहौल गरमाता नजर आया। शुक्रवार को शिवसेना और क्रांति सेना से जुड़े कार्यकर्ता सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पब जी कैफे के बाहर एकत्रित हुए और जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने “जहां मिलेंगे बंटी-बबली, तोड़ देंगे हड्डी-पसली” जैसे नारे लगाकर अपने विरोध का इजहार किया। संगठन पदाधिकारियों का कहना था कि पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव में युवाओं को भटकाने वाले आयोजनों को शहर में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के विपरीत किसी भी गतिविधि का विरोध किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कारों का पालन करने की अपील की। वहीं शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियां पाई गईं तो संगठन सख्त कदम उठाएगा।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि जिस पब जी कैफे को लेकर विरोध जताया जा रहा था, वह पहले से बंद मिला। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group