मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी 2026। प्रदेश स्तर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2025) के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई, जबकि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 परिवारों को 75 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार, मुजफ्फरनगर में देखा गया।
विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, तहसीलदार सदर राधेश्याम गोड़ सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं पात्र लाभार्थी उपस्थित रहे।
लाइव प्रसारण के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं अधिकारियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत सदर, खतौली, जानसठ और बुढ़ाना तहसील के पात्र किसानों को सांकेतिक चेक प्रदान किए। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये के सांकेतिक चेक सौंपे गए।
अधिकारियों ने कहा कि सरकार किसानों की आय सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। फसल नुकसान की स्थिति में बीमा योजना किसानों को आर्थिक सहारा देती है, वहीं दुर्घटना कल्याण योजना पीड़ित परिवारों के लिए संबल का कार्य करती है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता राशि उनके लिए संकट की घड़ी में बड़ी राहत साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group