मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी 2026। तहसील बुढ़ाना सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा अपर आयुक्त प्रशासन सहारनपुर मंडल सहारनपुर श्री भानु प्रताप यादव ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, राजस्व, जिला पूर्ति, पशु चिकित्सा, जल निगम (ग्रामीण), श्रम विभाग, पेंशन, सड़क एवं पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु सौंपा गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और यदि किसी प्रकरण का समाधान संभव न हो तो शिकायतकर्ता को कारण सहित अवगत कराएं।
उन्होंने आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में भी पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायत को अपलोड करने से पहले उसे गंभीरता से पढ़ा जाए और तथ्यों की पुष्टि कर ही आगे की कार्रवाई की जाए। साथ ही, निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना और मौके की फोटो अपलोड करना भी अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उपजिलाधिकारी बुढ़ाना श्री कृष्णकांत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार महेंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना, जिला चकबंदी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group