मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी 2026। जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी कक्ष, इमरजेंसी सेवाएं, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी लैब, वार्डों की स्थिति तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, उपकरणों की कार्यशीलता और अभिलेखों के संधारण की भी समीक्षा की।
शाहपुर सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश जायसवाल को निर्देशित किया गया कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और टीकाकरण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं बुढ़ाना सीएचसी में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणव तेवतिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में और सुधार लाने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. तेवतिया ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से उपस्थित रहने और अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए ‘जन शिकायत ऐप’ डाउनलोड कर अपनी समस्या दर्ज कराएं, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group