मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत शनिवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित भव्य समारोह में 209 लाभार्थियों को उनके नए आशियाने की चाबियां सौंप दी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कपिल देव अग्रवाल ने की।
करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से भोपा रोड बाईपास क्रॉसिंग क्षेत्र में निर्मित 224 आवासों में से 209 आवास पूर्व में 11 मार्च 2024 को लॉटरी के माध्यम से आवंटित किए गए थे। शनिवार को इन आवासों की चाबियां विधिवत रूप से लाभार्थियों को सौंप दी गईं। समारोह के दौरान कई परिवारों के चेहरे पर वर्षों का इंतजार पूरा होने की खुशी साफ झलक रही थी।
मंत्री श्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवासों में जल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि परिवार शीघ्र ही अपने नए घर में प्रवेश कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव, बोर्ड के नामित सदस्य श्री शरद शर्मा एवं श्री गजे सिंह, उद्योगपति श्री कुशपुरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में लाभार्थियों ने सरकार एवं प्राधिकरण का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें किराये की चिंता से मुक्ति मिलेगी और अपने घर में सुरक्षित भविष्य की शुरुआत होगी।
