मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी26 । थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार मीनाक्षी चौक के निकट एक युवक से बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने 21 फरवरी को मॉल रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर अंशुल मित्तल पुत्र शरद मित्तल तथा विवेक कुमार उर्फ मुन्ना पुत्र महेश, निवासी एकता विहार, रुड़की चुंगी, को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
