मुजफ्फरनगर, 21 फरवरी 2026। जनपद में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत रविवार, 22 फरवरी को चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और प्रविष्टियों को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को तीन विशेष अभियान दिवस संपन्न हो चुके हैं। अब चौथे चरण में जिले के सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी, जहाँ मतदाताओं को आवेदन पत्र भरने में सहायता दी जाएगी। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी बूथों पर मौजूद रहकर सहयोग करेंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान, सभासद और स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम की पुष्टि अवश्य कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है या जिसकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 भरकर संशोधन कराया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता ECINET मोबाइल एप या आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने की अपील की है।
