लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ मेट्रो और दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को प्रदेश की आधारभूत संरचना में ऐतिहासिक बदलाव का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल परिवहन व्यवस्था का विस्तार नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदलने की दिशा में निर्णायक कदम है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधुनिक यातायात नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। मेरठ को मेट्रो और रैपिड रेल जैसी दोहरी सौगात मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश अब देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से मेरठ को जोड़ने वाला दिल्ली मेरठ (नमो भारत कॉरिडोर) लगभग 82 किलोमीटर लंबा है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लाखों दैनिक यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा।
वहीं, मेरठ मेट्रो परियोजना शहर के अंदर यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि औद्योगिक निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार क्षेत्र को सीधा लाभ पहुंचेगा।
मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में तेज और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था क्षेत्र की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाएगी। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के पूर्ण संचालन के बाद यात्रा समय लगभग आधा रह जाएगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने इसे “नए उत्तर प्रदेश” की सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास को राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसी तरह की आधुनिक परियोजनाएँ शुरू की जाएंगी।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को आधुनिक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को दोहराया गया।
Lucknow: CM Yogi Adityanath's Press conference 