सहारनपुर, 22 फरवरी 26। जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित हकीकत नगर मोहल्ले में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
मृतका की पहचान टीना पुत्री मांगेराम, निवासी थाना गागलहेड़ी क्षेत्र, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि टीना पिछले करीब दस महीनों से हकीकत नगर में एक परिवार के यहां घरेलू सहायिका के रूप में कार्य कर रही थी और वहीं रह रही थी।
सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घर के लोगों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना तत्काल थाना सदर बाजार पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। सूत्रों के अनुसार युवती के व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन गागलहेड़ी क्षेत्र से मौके पर पहुंचे। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
थाना सदर बाजार प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि परिजन तहरीर देते हैं तो उसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group