मुज़फ्फरनगर, 22 फरवरी26। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शादी समारोह से लौट रहे एक भाजपा नेता पर योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया गया। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मुज़फ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित संधावली अंडरपास के पास यह वारदात हुई। भाजपा से जुड़े स्थानीय नेता अभिषेक गोयल अपने परिचितों के साथ एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी चलाने को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक द्वारा नशा करने की बात को लेकर विवाद बढ़ा और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद चालक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी देर में 15 से 20 युवक वहां पहुंच गए और गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने कथित रूप से गला दबाने का भी प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना में अभिषेक गोयल समेत कुल पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छापेमारी शुरू की। कुछ ही घंटों में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी कब्जे में लिया है।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
