मुजफ्फरनगर, 23 फरवरी 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र के गांव मोरना में सोमवार सुबह एक किसान की निर्मम हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने 55 वर्षीय किसान रामप्रसाद पुत्र घसीटू की उनके ही घर के अंदर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। सुबह परिजनों ने जब उन्हें आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो अंदर जाकर देखा, जहां उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी जसवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से खून के नमूने, हथियार के संभावित निशान और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रामप्रसाद रविवार रात घर पर ही थे। परिवार के अन्य सदस्य अलग कमरे में सो रहे थे। सोमवार सुबह जब वह बाहर नहीं निकले तो शक हुआ। कमरे के भीतर उनका शव पड़ा मिला, शरीर पर कई जगह धारदार हथियार के गहरे घाव थे।
मृतक की पत्नी चंद्रकली ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से खुली दुश्मनी की जानकारी नहीं है, हालांकि पुलिस पुराने विवाद, जमीन संबंधी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
रामप्रसाद खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी चंद्रकली, दो बेटे अमित और सुमित, तथा चार बेटियां लता, शिल्पी, कोमल और वंदना हैं। लता और शिल्पी का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का सही समय और हमले की प्रकृति स्पष्ट होगी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group