मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले में एक युवती ने घर में घुसकर छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए दो नामजद तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने आरोप लगाया कि 27 जनवरी की शाम लगभग चार बजे वह घर पर अकेली थी। उसी दौरान गांव रथेड़ी निवासी प्रवेज, गढ़ी क्षेत्र निवासी मरजीना तथा एक अज्ञात युवक उसके घर पहुंचे। आरोप है कि दो युवक मकान के भीतर घुस आए और उसके साथ अभद्रता करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया, जबकि एक व्यक्ति बाहर खड़ा रहा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता ने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में उसका आरोपित पक्ष से विवाद हो चुका है।
थाना नई मंडी पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
