मुजफ्फरनगर, 23 फरवरी 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र के गांव मोरना में किसान रामप्रसाद पुत्र घसीटू (55 वर्ष) की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शाम के समय खीर में नींद की गोलियां मिलाकर उन्हें अचेत किया गया और देर रात चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया गया।
घटना रविवार की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार शाम को घर में सामान्य रूप से भोजन बना था, जिसमें खीर भी तैयार की गई थी। आरोप है कि उसी खीर में नींद की गोलियां मिलाई गईं। खीर खाने के बाद रामप्रसाद गहरी नींद में चले गए। देर रात जब घर के अन्य सदस्य सो गए, तब कमरे में जाकर उन पर कई वार किए गए।
सोमवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने अंदर जाकर देखा। रामप्रसाद का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सूचना मिलते ही थाना भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के पुत्र अमित ने तहरीर देकर अपनी बहनों कोमल और वंदना पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घर में पारिवारिक तनाव की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि घटना के पीछे अन्य कारण, संभवतः किसी बाहरी प्रभाव या संबंध का मामला भी हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रामप्रसाद खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी चंद्रकली, पुत्र अमित व सुमित तथा पुत्रियां लता, शिल्पी, कोमल और वंदना हैं। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group