दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार के भीतर मिले युवक-युवती ने इलाके में सनसनी फैला दी। मामला शामली जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र का है, जहां निर्माणाधीन बॉम्बरी कट के पास राहगीरों की नजर संदिग्ध हालत में खड़ी कार पर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान सूर्यदेव (24 वर्ष) पुत्र … निवासी गांव तमेलागढ़ी, थाना दोघट, जनपद बागपत के रूप में हुई है। उसके साथ कार में मिली युवती की पहचान स्वाति (20 वर्ष) पुत्री … निवासी गांव धनौरा टीकरी, जनपद बागपत के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों एक-दूसरे को जानते थे और घर से निकले हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी देर से एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी थी। शीशे बंद थे और अंदर कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। संदेह होने पर पास जाकर देखा गया तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सूर्यदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि स्वाति को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
मौके की तलाशी के दौरान कार से एक संदिग्ध जहरीले पदार्थ की शीशी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या या अन्य किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। युवती के होश में आने के बाद उसका बयान भी जांच में अहम भूमिका निभाएगा। फिलहाल प्रकरण को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group