मुजफ्फरनगर। जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। जानसठ रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल से घर लौट रहे दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गांव सहावली निवासी ललिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
सहावली गांव निवासी दंपति साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे जानसठ रोड पर पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललिता सड़क पर दूर जा गिरीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनके पति भी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। उधर, पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नई मंडी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
