मेरठ, 24 फरवरी26। मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। किदवई नगर स्थित सुराही वाली मस्जिद के पास गली नंबर-1 में दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच बच्चे और उनकी मां शामिल हैं। छह माह की जुड़वां बेटियां भी इस त्रासदी का शिकार हो गईं।
जानकारी के अनुसार मकान कपड़ा व्यापारी इकबाल उर्फ आसिम का है। हादसे के वक्त वह नमाज अदा करने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी रुखसार (30 वर्ष), मां अमीर बानो (55 वर्ष) और पांच बच्चे मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब सात बजे मकान की ऊपरी मंजिल से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घनी आबादी और तंग गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में दिक्कत हुई। फायर ब्रिगेड की टीम को पड़ोसी मकान की छत से सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। बताया गया है कि घर में कपड़ों का भंडारण होने से आग तेजी से फैलती चली गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
राहत दल ने परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने रुखसार और बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में महविश (12 वर्ष), हम्माद (4 वर्ष), अद्दस (3 वर्ष) तथा छह-छह माह की जुड़वां बच्चियां नाबिया और इनायत शामिल हैं। अमीर बानो की हालत को लेकर देर रात तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी वी.के. सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे और पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ स्थानीय लोग रसोई गैस रिसाव की संभावना भी बता रहे हैं। फोरेंसिक टीम को कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। संकरी गलियों और अंदर भरे धुएं ने बचाव कार्य को और कठिन बना दिया।
मस्जिद से लौटे इकबाल ने जब अपने घर को धू-धू कर जलता देखा तो वे सदमे में आ गए। अस्पताल में देर रात तक परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
