मुजफ्फरनगर। जनपद में चकबंदी से जुड़ी शिकायतों और विवादों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से 23 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक विभिन्न गांवों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, मुजफ्फरनगर द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत सूची जारी कर दी गई है, जिसमें अधिकारियों को गांववार जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार संबंधित अधिकारी अपने-अपने निर्धारित गांवों में तय तिथि पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे। चौपाल का आयोजन प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल, पंचायत घर एवं ग्राम सचिवालय जैसे सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसमें भाग ले सकें।
सूची के अनुसार उपजिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उप संचालक चकबंदी की अध्यक्षता में 23 फरवरी को लखान तथा 25 फरवरी को कुटेड़ी गांव में चौपाल आयोजित होगी। वहीं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी द्वारा 23 फरवरी को सिमलाखी और 25 फरवरी को मोरकुका गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी।
इसी क्रम में चकबंदी अधिकारी सदर प्रथम द्वारा 27 फरवरी को टोडा तथा 28 फरवरी को पुरबालियान में कार्यक्रम तय किया गया है। चकबंदी अधिकारी सदर द्वितीय 24 फरवरी को मुशरा तथा 26 फरवरी को विरालसा गांव में चौपाल करेंगे। इसके अतिरिक्त चकबंदी अधिकारी सदर तृतीय द्वारा 27 फरवरी को दिंदावली तथा 25 फरवरी को कैलापुर जस्मोर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपनी भूमि, खतौनी, सीमांकन या चकबंदी से संबंधित शिकायतों और दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि व स्थान पर उपस्थित होकर लाभ उठाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
ग्राम चौपाल कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ गई है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से लंबित मामलों के समाधान में तेजी आएगी ।
