मुज़फ्फरनगर, 24 फरवरी 26। जनपद के मुज़फ्फरनगर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रतनपुरी थाना क्षेत्र के गंग नहर पटरी मार्ग पर मजदूरों से भरी एक पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो बुजुर्ग मजदूरों ने दम तोड़ दिया, जबकि 21 अन्य लोग घायल हो गए।
सुबह करीब आठ बजे जानसठ क्षेत्र के सठेड़ी गांव से करीब दो दर्जन मजदूर पिकअप वाहन से मेरठ जनपद में खेतों पर काम करने जा रहे थे। जैसे ही वाहन गंग नहर पटरी मार्ग पर पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में सठेड़ी निवासी 70 वर्षीय रामचंद्र पुत्र हरिराम और 65 वर्षीय ताराचंद पुत्र नन्हेराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दोनों रोज़ाना मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ मजदूरों को मेरठ और बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही और अधिक गति हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता देने और गंग नहर पटरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की है।
