लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-एल कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवक ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर नीले प्लास्टिक ड्रम में भर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मानवेंद्र प्रताप सिंह (49 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर शराब के कारोबार और पैथोलॉजी संचालन से जुड़े थे। उनके पुत्र अक्षत प्रताप सिंह (21 वर्ष) को इस जघन्य वारदात का आरोपी बनाया गया है। परिवार आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एल स्थित मकान में रहता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच पढ़ाई और भविष्य को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि मानवेंद्र अपने बेटे पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर 20 फरवरी की सुबह तड़के करीब साढ़े चार बजे दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी लाइसेंसी राइफल से पिता पर गोली चला दी। गोली लगते ही मानवेंद्र प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक उसने पहले शव को कमरे में घसीटकर ले जाया, फिर आरी से शरीर के अंग अलग किए। धड़ को नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भर दिया गया, जबकि कुछ अन्य हिस्सों को अलग-अलग स्थानों पर फेंकने का प्रयास किया गया। घर में मौजूद आरोपी की बहन ने घटना के बाद परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
गुमशुदगी की सूचना मिलने पर जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो नीले ड्रम से शव का हिस्सा बरामद हुआ। मौके से हत्या में प्रयुक्त राइफल और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group