मुजफ्फरनगर। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध संचालन के खिलाफ मंगलवार को परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री सुशील कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान माखियली चौकी और खतौली मंडी क्षेत्र में छह वाहनों को निरुद्ध कर दिया गया, जबकि नो-पार्किंग में खड़े 20 वाहनों के चालान काटे गए।
अधिकारियों के अनुसार, निरुद्ध किए गए छह वाहनों में चार मालवाहक तथा दो खनन से संबंधित वाहन शामिल हैं। जांच के दौरान आवश्यक प्रपत्रों में कमी, नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस भी जारी किए गए हैं।
वहीं, मेरठ रोड स्थित वहलना औद्योगिक क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था। इस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 20 वाहनों का चालान किया। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 3 लाख 93 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया है।
प्रवर्तन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें तथा नो-पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा न करें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि परिवहन से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए जन शिकायत मोबाइल ऐप के माध्यम से सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group