मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को धार देने के उद्देश्य से भागीदारी पार्टी ने 26 फरवरी को खतौली में बड़े आयोजन की घोषणा की है। जानसठ रोड स्थित श्रीराम गार्डन, लाडपुर में पार्टी का पांचवां स्थापना दिवस और महात्मा संतराम बी.ए. की जयंती संयुक्त रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर “वंचित-शोषित एकता रैली” आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानसठ स्थित डाक बंगले में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. महेश चंद्र प्रजापति ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति करेंगे। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में ओमप्रकाश राजभर की मौजूदगी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पश्चिमांचल में संगठन की ताकत का संदेश देगा।
डॉ. प्रजापति ने कहा कि समाज के महापुरुषों के विचारों और इतिहास को जानना आवश्यक है। उनके अनुसार, भागीदारी पार्टी अति पिछड़े, अति दलित और वंचित वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी तेजी से अपनी जड़ें मजबूत कर रही है।
आगामी स्थानीय निकाय और क्षेत्र पंचायत चुनावों को लेकर पार्टी ने स्पष्ट रणनीति बनाई है। वर्ष 2026 के चुनाव को ‘सेमीफाइनल’ बताते हुए उन्होंने 1000 प्रधान और बीडीसी सदस्य तथा 200 जिला पंचायत सदस्यों को विजयी बनाने का लक्ष्य रखा है। वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की 125 सीटों पर संगठनात्मक तैयारी शुरू कर दी गई है, जिनमें पश्चिमांचल की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों ने अति पिछड़े और अति दलित वर्ग की अनदेखी की है। उनका कहना था कि प्रदेश में वही दल सशक्त होगा, जो इन वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देगा।
प्रेसवार्ता में पश्चिमांचल प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रजापति, जिला अध्यक्ष संजीव कुमार प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, संजीव सहार, अनिल प्रजापति, मांगेराम प्रजापति, सौरभ प्रजापति, घनश्याम प्रजापति, विशाल प्रजापति और पवन प्रजापति सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group