शामली। दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दभेड़ी मोड़ के निकट की है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे गड्ढे में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। अधिकारियों के अनुसार युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। गले पर निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है तथा हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। क्षेत्र में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group