शामली। जनपद शामली के थाना कांधला पुलिस ने ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर से तांबे के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तांबे का तार, अवैध हथियार तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना कांधला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर शौकत निवासी कैराना, फुरकान निवासी गांव खुरगान तथा शिवम निवासी मोहल्ला नंदू प्रसाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन में खेतों की रेकी कर रात में ट्यूबवेलों और ट्रांसफार्मरों से तांबे की कॉइल व तार निकाल लेते थे। चोरी किया गया माल राशिद निवासी मोहल्ला सरवर पीर, शामली को बेचा जाता था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 24 किलो तांबे का तार, 127 किलो जला हुआ तार, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा तथा दो चाकू बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
