खतौली (जनपद मुजफ्फरनगर)। होली पर्व के बीच मंगलवार को नगर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली की बधाई देने और नेग संग्रह को लेकर प्रीति गुट और अंधी बाला गुट के बीच पहले कहासुनी हुई। दोनों पक्ष अपने-अपने पारंपरिक क्षेत्र का दावा कर रहे थे। देखते ही देखते बहस उग्र हो गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे कई किन्नर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और भविष्य में इस प्रकार की घटना दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
घटना के दौरान आसपास की दुकानों के शटर गिर गए और राहगीरों में दहशत का माहौल रहा। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से त्यौहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group