मुजफ्फरनगर जनपद के मोरना क्षेत्र स्थित गांव बिहारगढ़ निवासी 35 वर्षीय सतीश उर्फ बंटी की मुरादाबाद में ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार सतीश पिछले कुछ समय से काम की तलाश में मुरादाबाद गया हुआ था। शुक्रवार देर शाम वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन आ गई। संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
मंगलवार सुबह शव गांव बिहारगढ़ लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी दीपा और दो पुत्र—नैतिक (14 वर्ष) व आर्यन (12 वर्ष)—को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। थोड़ी सी कृषि भूमि के अलावा आय का कोई बड़ा साधन नहीं था। पत्नी गांव में ही छोटा सा श्रृंगार एवं ब्यूटी कार्य कर परिवार में सहयोग करती थीं।
ग्राम प्रधान संजय सिंह चौहान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक मेहनतकश और पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने वाला व्यक्ति था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट गहरा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group