सहारनपुर। सहारनपुर जनपद के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब हाईवे किनारे खड़ी एक कार के अंदर से बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही गागलहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह हाईवे किनारे एक कार को जली हुई हालत में खड़ा देखा। पास जाकर देखने पर कार के अंदर एक शव नजर आया, जो पूरी तरह झुलसा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और कार के भीतर से शव को बाहर निकलवाया।
शव की हालत इतनी खराब थी कि पहली नजर में उसकी पहचान करना संभव नहीं हो सका। पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार स्वामी का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि शव कार मालिक का है या किसी अन्य व्यक्ति का। शिनाख्त के लिए डीएनए जांच और अन्य वैज्ञानिक विधियों का सहारा लिया जाएगा।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कार के अवशेषों और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आग दुर्घटनावश लगी या किसी आपराधिक घटना को छिपाने के लिए कार में आग लगाई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
