मुजफ्फरनगर, 25 फरवरी 2026। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आम नागरिकों से प्राप्त सुझावों और व्यापारियों की शिकायतों के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, क्षेत्राधिकारी यातायात रविंद्र प्रताप सिंह, नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह तथा सहायक रोडवेज प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महावीर चौक, जीआईसी मैदान और जानसठ पुल के आसपास प्रतिदिन लगने वाले जाम की स्थिति की समीक्षा की और पाया कि रोडवेज बसों की अनियंत्रित आवाजाही से यातायात दबाव बढ़ रहा है।
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मेरठ भैंसाली डिपो से मुजफ्फरनगर आने वाली रोडवेज बसें अब प्रातः 8 बजे से सायं 8 बजे तक राणा बहलना चौक से ही संचालित की जाएंगी और इस दौरान उन्हें शहर के भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक बसों को शहर क्षेत्र से संचालित करने की छूट दी गई है, ताकि कम यातायात के समय व्यवस्था प्रभावित न हो।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि कोई भी रोडवेज बस महावीर चौक और जीआईसी मैदान पर सवारी न तो उतारेगी और न ही बैठाएगी। बसों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जानसठ पुल के नीचे निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही यात्रियों को चढ़ाएं और उतारें, जिससे मुख्य मार्ग अवरुद्ध न हो। यातायात पुलिस को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें सभी विभागों के साथ-साथ बस चालकों का सहयोग आवश्यक है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
