मुजफ्फरनगर, 25फरवरी 2026। रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में मंगलवार को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने की।
बैठक में जनपद के सभी थानों के निरीक्षक अपराध, वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे, जबकि थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज हो रहे मामलों, ऑनलाइन अपराध एवं अभियोग पंजीकरण, एसआईडी मॉड्यूल, यक्ष ऐप फीडिंग, डाटा अपडेटिंग तथा लंबित प्रविष्टियों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना सीसीटीएनएस पोर्टल पर सूचनाएं समय से और बिना त्रुटि के दर्ज करे। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों का सही व अद्यतन डाटा उपलब्ध रहने से जांच कार्य तेज और प्रभावी होता है। साथ ही थाना स्तर पर नियमित निगरानी और कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद सीसीटीएनएस के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध ने कहा कि आधुनिक तकनीक के सही उपयोग से पुलिस व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का आयोजन मीडिया सेल, मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से किया गया।


