मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर के थाना क्षेत्र रामराज में बुधवार दोपहर सरेबाजार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए बाजार बंद जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार रामराज कस्बे के जाटव चौक निवासी 28 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र कश्मीर सिंह दोपहर करीब एक बजे बाजार में मौजूद था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने नजदीक से कई फायर किए। गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़ा।
आसपास मौजूद लोगों ने घायल सुनील को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से दुकानदारों में दहशत फैल गई और कई दुकानों के शटर गिरा दिए गए।
सूचना मिलते ही थाना रामराज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावर की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group