मुजफ्फरनगर, 25 फरवरी 26। जनपद मुख्यालय पर बुधवार को क्रांतिसेना के कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत क्रांतिसेना के कार्यकर्ता दोपहर करीब 12 बजे शहर के पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां मंडल अध्यक्ष शरद कपूर, जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन परंपरा के प्रतिष्ठित संत पर लगाए गए आरोपों से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भगवा वस्त्र धारण कर धार्मिक संस्थाओं की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहा है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सभा के बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। रास्ते में “सनातन सम्मान की रक्षा करो” और “झूठे आरोप बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।
जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। साथ ही कहा गया कि यदि आरोप असत्य सिद्ध होते हैं तो झूठी शिकायत करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंगतराम सोनकर, नरेंद्र ठाकुर, सोनू पाहीवाल, पूनम चाहल, सुमन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group