रामपुर। उत्तराखंड के पर्यटन स्थल नैनीताल से घूमकर लौट रहा एक परिवार बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। रामपुर जनपद के काशीपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर से टक्कर के बाद कार आग का गोला बन गई। हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात महिला कांस्टेबल और उनके दो वर्षीय बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति समेत एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से कौशांबी जनपद निवासी दान सिंह अपनी पत्नी लता सिंह, दो वर्षीय पुत्र लड्डू और रिश्तेदार रवि ठाकुर के साथ नई कार से नैनीताल घूमने गए थे। लता सिंह की तैनाती कौशांबी जिले में बताई गई है। परिवार बुधवार शाम वापस घर लौट रहा था। देर रात जब उनकी कार रामपुर के काशीपुर रोड पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते वाहन में आग लग गई। कुछ ही क्षणों में पूरी कार लपटों से घिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बचाव की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। बताया जाता है कि हादसे के दौरान दान सिंह और रवि ठाकुर किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल हो गए, लेकिन पीछे की सीट पर बैठा मासूम बच्चा अंदर फंस गया।
अपने बेटे को बचाने के लिए महिला कांस्टेबल लता सिंह दोबारा जलती कार की ओर दौड़ीं और अंदर घुस गईं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों बाहर नहीं निकल सके। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। महिला कांस्टेबल की असमय मौत से सहकर्मियों में गहरा दुख है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
