मुजफ्फरनगर, 14 फरवरी 26। मीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी सराय में घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नए मोबाइल फोन की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए तनाव के बाद 35 वर्षीय विवाहिता ने घर के भीतर फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं दो वर्षीय मासूम पुत्र मां के साये से वंचित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेड़ी सराय निवासी राधिका (35 वर्ष) का पति आशीष रोजगार के सिलसिले में ओडिशा में रहकर कपड़ों का कारोबार करता है। राधिका ने पति से करीब दस हजार रुपये कीमत का नया मोबाइल फोन मंगाने की बात कही। आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आशीष ने तत्काल पूरी रकम भेजने में असमर्थता जताई और दो हजार रुपये भेजकर कुछ दिन का समय मांगा।
परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। इसके बाद राधिका ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। उस समय घर में उसका दो वर्षीय पुत्र वंश भी मौजूद था। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो घटना का पता चला।
सूचना मिलते ही मीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतका के मायके व ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते तनाव और संवाद की कमी कई परिवारों के लिए घातक साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group