मुजफ्फरनगर, 14 फरवरी 26।  जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मित्र हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी टेम्पो को सामने से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला झज्जर (हरियाणा) के ग्राम असौदा निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुल्तान सिंह अपने मित्र नीरज पुत्र हरपाल के साथ टेम्पो से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। जब उनका वाहन शाहपुर क्षेत्र में पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम ने तेज गति में टेम्पो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर नीरज को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां भी सुधार न होने पर परिजन उसे पीजीआई रोहतक ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। धर्मेंद्र का उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नीरज की मौत की सूचना मिलते ही उसके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना शाहपुर पुलिस ने घायल धर्मेंद्र की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group