आगरा। शहर के शाहगंज थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती पर अपने प्रेमी को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल युवक का नाम चांद (25) है, जो ऑटो चलाकर परिवार का खर्च चलाता है। बताया जा रहा है कि उसका पिछले करीब दो साल से शबनम नाम की युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी को लेकर काफी समय से झगड़ा चल रहा था। युवती शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक तैयार नहीं था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे चांद सवारी छोड़कर घर लौट रहा था। रास्ते में शबनम और उसके घरवालों ने उसे रोक लिया। कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि इसी दौरान युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग लगते ही वह चीखता हुआ सड़क पर भागा। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने युवती, उसकी मां और भाई समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
