मुजफ्फरनगर। बेगराजपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी आवास में एक एक्स-रे तकनीशियन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या की ओर संकेत करता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मृतक की पहचान रामकुमार (35 वर्ष) पुत्र निर्भन सिंह, निवासी ग्राम पिपरी नूरपुर, जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से मेडिकल कॉलेज के एक्स-रे विभाग में संविदा पर तैनात थे और कॉलेज परिसर स्थित आवास में रह रहे थे। सहकर्मियों के अनुसार रामकुमार ड्यूटी के बाद अपने कमरे में चले गए थे। देर रात तक बाहर न निकलने पर साथियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा खोला गया तो उनका शव पंखे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना मंसूरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक के मोबाइल फोन और निजी सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार के मानसिक तनाव या अन्य कारणों की जानकारी मिल सके।
